पणजी. अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर वेंडेल रॉड्रिक्स का बुधवार शाम निधन हो गया। वे 59 साल के थे।वेंडेल का मृत शरीर उनके गोवा के घर में ही मिला है। उन्हें 2014 में पद्मश्री मिला था। उनकी पहचान ऐसे डिजाइनर के तौर पर थी, जिसने गोवा के पारंपरिक परिधान को अपने डिजाइन के जरिए अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। वे एक लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता भी थे।
मापुसा के पुलिस अधीक्षक गजानन प्रभुदेसाई ने बताया कि पुलिस को शाम 6.30 बजे रॉड्रिक्स के निधन की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस की एक टीम उनके घर कर गई थी।
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री ने शोक जताया
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने वेंडेल के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘एक अच्छे दोस्त और डिजाइनर के अचानक निधन की खबर सुनकर काफी दुखी हूं। उनका बेहतरीन काम और कौशल अपूर्णीय हैं। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’
रॉड्रिक्स को भारत में ‘रिसॉर्ट वियर’ को लोकप्रिय बनाने का श्रेय
मुंबई में जन्मे वेंडेल ने 1986 से 1988 तक अमेरिका और फ्रांस में फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई की थी। उन्हें भारत में ‘रिसॉर्ट वियर’ को लोकप्रिय बनाने का श्रेय भी जाता है। उन्होंने भारत में पहले लैक्मे इंडिया फैशन वीक कराने की योजना बनाई थी। 2010 में उन्होंने विल्स लाइफस्टाइल इंडिया फैशन वीक में गोवा की पारंपरिक कुनबी साड़ी की डिजाइन पेश की थी।