बांदा में नमाजियों ने पुलिस अफसरों को भेंट किए गुलाब, कहा- हम अमनपसंद समाज का हिस्सा
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद सुखद तस्वीर सामने आई। यहां नमाजियों ने सुरक्षा में लगे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को गुलाब के फूल दिए और उन्हें एहसास कराया कि, हम शांतिप्रिय व अमनपसंद समाज का एक हिस्सा हैं। आपसी भाईचारे व सौहार्द से ही मिलजुलकर लोग आगे बढ़ेंगे। इससे देश की तरक्की होगी। जुमे की नमाज के बाद कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई, जिससे प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
दरअसल, बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में उग्र हिंसा हुई थी। बांदा में भी लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया था। आज भी नमाज के बाद भी प्रदर्शनकारी तनाव फैला सकते हैं, इस आशंका के तहत जिले में संवेदनशील इलाकों में फोर्स लगा दी गई। लोगों को भी किसी अफवाह में न पड़ने की नसीहतें दी गई। शांति समितियों व धर्मगुरुओं के माध्यम से मुस्लिमों को जागरुक किया गया।
जिसका परिणाम शुक्रवार दोपहर नमाज बाद देखने को भी मिला। मस्जिदों से जब लोग नमाज पढ़कर निकले तो शांतिपूर्वक अपने घरों को चले गए। वहीं, शहर में नमाजियों ने पुलिस जवानों व प्रशासनिक अधिकारियों को गुलाब भेंट किया। जिले में शांति अमन चैन के लिए उनके द्वारा की जा रही कड़ी मेहनत के लिए सभी का धन्यवाद किया किया गया। दूसरी ओर गुलाब के फूल पाकर पुलिस अधिकारियों के चेहरे भी खुश दिखे।