बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह का विवादित बयान, कहा- हिंसा फैलाने वाले लादेन की औलाद
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष व भाजपा नेता राजेश्वर सिंह ने नागरिकता कानून के विरोध में हिंसा करने वालों पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने हिंसा करने वालों को ओसामा बिन लादेन की औलाद की संज्ञा दी। कहा- जो भी लादेन की औलाद हैं, जो राष्ट्रद्रोही तत्व हैं, इनके खिलाफ भी एक अभियान चला है। इस अभियान में हम सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ हैं। प्रधानमंत्री के साथ हैं। भाजपा नेता राजेश्वर सिंह ने कहा- नागरिकता कानून लाकर देश के प्रधानमंत्री ने नेक कार्य किया है। उनके साथ आज पूरा देश खड़ा है। साथ ही जो राष्ट्रद्रोही तत्व है, उनके खिलाफ भी पूरा देश खड़ा है। प्रदर्शनों के नाम पर हिंसा फैलाने वालों को सीएम योगी आदित्यनाथ ने कड़ा संदेश दिया है। जो भी सरकारी संपत्ति को नुकसान उपद्रवी करेंगे, उस नुकसान की भरपाई हम उन्हीं से लेंगे।
रविवार की देर शाम गोरखपुर के ऐतिहासिक चौरीचौरा शहीद स्थली पर पहुंचे राजेश्वर सिंह ने 4 फरवरी 1922 की घटना में शामिल क्षेत्र के जनांदोलनकारियों की याद में बने शहीद स्मारक का निरीक्षण किया। सिंह ने सबसे पहले शहीद स्मारक पर पहुंचकर देश के शहीदों को मत्था टेकर कर नमन किया। उसके बाद शहीद स्मारक में बने संग्रहालय का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा- हमारे देश की स्वतंत्रता में किन किन लोगों की भागीदारी रही? उनकी मूर्तियों को देखकर स्वयं को ऊर्जा मिलती है। देश के प्रति समर्पण का भाव जगता है। राष्ट्र द्रोहियों के खिलाफ भी एक भाव जागता है कि उन के प्रति हमारी क्या मानसिकता होती है। उन देश के वीरों को जो देश के लिए समर्पण का भाव रखे और कम उम्र में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपनी माताओं की गोद को सुना कर अमर हो गए, उनके लिए क्या आदर भाव बनता है, यह वर्तमान परिवेश में सोचने की बात है।