बुंदेलखंड का "दिवारी" लोकनृत्य देखेंगे ट्रम्प; भगवान कृष्ण की लीलाओं से जुड़ी है यह नृत्यविधा

बुंदेलखंड का "दिवारी" लोकनृत्य देखेंगे ट्रम्प; भगवान कृष्ण की लीलाओं से जुड़ी है यह नृत्यविधा


महोबा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आगरा में बुंदेलखंड का प्रसिद्ध दिवारी लोकनृत्य भी देखेंगे। ताजमहल का दीदार करने जाते समय ट्रम्प के समक्ष बुंदेली कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। महोबा के रामलखन यादव और रघुवीर यादव की 16-16 सदस्यीय टीम इस नृत्य को प्रस्तुत करेगी। यह लोकनृत्य भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित है।


कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास किया गया
सहायक सूचना अधिकारी सतीश कुमार यादव ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रम्प के आगरा भ्रमण को यादगार बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के सांस्कृतिक विभाग ने कलाकारों को आमंत्रित किया है। बुंदेली लोक कलाकारों के अलावा अन्य क्षेत्रों के लोक कलाकारों को भी प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया है। बुंदेलखंड के कलाकार लोक नृत्य दीवारी व पाई डंडा के प्रदर्शन के लिए कलाकारों ने रविवार को पूर्वाभ्यास भी किया। 


भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को दर्शता है ये नृत्य
बुंदेलखंड की दीवारी नृत्य अपने तरह का अनूठा लोक नृत्य है। इस नृत्य के साथ युद्ध कला का अद्भुत सम्मिश्रण होता है। कहा जाता है कि दीवारी नृत्य में द्वापर युग में कृष्ण की लीलाओं का प्रदर्शन किया जाता है। गायों के चराने के लिए वन जाने पर वे अपने सखाओं के साथ इस नृत्य का आनंद लिया करते थे। दीवारी नृत्य बुंदेलखंड में अहीर बिरादरी में सर्वाधिक प्रचलित है।