दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से काटकर बहनोई की हत्या, आरोपी ने किया सरेंडर, बोला- बदला ले लिया
महाराजगंज। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बुधवार को एक शख्स ने अपने बहनोई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इसके बाद सीधे थाने जाकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। यह भी कहा कि, मैंने बदला ले लिया। दरअसल, वह दूसरे धर्म के लड़के के साथ शादी से नाराज था। मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण गांव में तनाव है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस पड़ताल में जुटी है।
यह मामला महाराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के इलाहाबाद गांव का है। गांव निवासी बृजेश (24) ने गांव की ही सफीदुननिशा से 5 वर्ष पूर्व शादी किया था। बृजेश के दो बच्चे हैं। जिनकी उम्र क्रमश: तीन और डेढ़ साल है। बुधवार दोपहर साले ने बृजेश को फोन कर घर के पास बुलाया। जहां उसने कुल्हाड़ी से वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, बृजेश ने दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद बृजेश के परिजनों ने आरोपी के घर पर धावा बोल दिया। संघर्ष की स्थिति बन गई। लेकिन तभी सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने बीच बचाव कराकर मामला शांत कराया। फिलहाल गांव में तनाव है। पूरा गांव में सुरक्षा बल तैनात किया गया है।