जालौन में सेवादार की मौत, परिजन का आरोप- महंत और दरोगा ने मार डाला, पुलिस ने हिरासत में लिया
जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के निनावली आश्रम में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजन ने आश्रम के महंत पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया और और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने बवाल करने वाले लोगों को खदेड़ा तो इलाके में तनाव बढ़ गया। एसपी समेत 5 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू पाया।
यहां बीहड़ में रामपुरा थाना क्षेत्र में पहूज नदी के किनारे निनावली स्थित मणीन्द्र महाराज का आश्रम है। निनावली का रहने वाला 21 वर्षीय रविशंकर उर्फ कल्लू 7 माह से मणीन्द्र महाराज के आश्रम पर रहकर सेवा का काम कर रहा था। सुबह उसका शव आश्रम में पड़ा मिला, जिसके माथे पर गोली लगी हुई थी।
ग्रामीणों ने जाम लगाया, पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया
हत्याकांड की सूचना मिलते ही परिजन ग्रामीणों के साथ आश्रम पहुंचे और उन्होंने आश्रम के महंत और वहां तैनात दरोगा पर हत्या का आरोप लगाकर निनावली रोड पर जाम लगा दिया। रामपुरा थाना प्रभारी, सीओ माधौगढ़ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने परिजन को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। भीड़ काफी उत्तेजक थी, इसलिए पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग भी किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। गाड़ियों में तोड़फोड़ भी कर दी। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए खदेड़ा। पुलिस अधीक्षक डॉ. सतीश कुमार पांच थानों की फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉयड टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।
दरोगा और महंत पुलिस हिरासत में
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मणीन्द्र महाराज के आश्रम में एक युवक द्वारा आत्महत्या की सूचना मिली थी। परिजन ने आश्रम के महंत और सब इंस्पेक्टर राजेन्द्र तिवारी पर हत्या का आरोप लगाया। जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है। उनको थाने में लाकर पूछताछ की जा रही है। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।