कांग्रेस पर नड्डा का तंज- लम्हों ने खता की और सदियों ने सजा पाई; 70 साल से अटके काम 8 महीने में हुए
आगरा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अपनी पहली सभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा- आजादी के बाद कांग्रेस सरकारों ने जो फैसले लिए वो देश के लिए घातक साबित हुए। लम्हों ने खता की और सदियों ने सजा पाई। जो काम 70 सालों से लटके थे, मोदी ने उन्हें 8 महीनों में पूरा किया। सीएए के विरोध में यूपी में उपद्रव हुआ। कांग्रेस नेताओं ने हिंसा का विरोध करने की जगह, हिंसा फैलाने वालों का समर्थन किया।
राहुल को किया चैलेंज
नड्डा ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को चैलेंज दिया कि वह सीएए पर 10 लाइन बोल दें और बताएं कि उसमें क्या है, तो मैं उन्हें मान जाऊं। जो लोग कानून जानते नहीं है, उन्हें इसके बारे में क्या मालूम होगा। कांग्रेस पार्टी हताश हो चुकी है। कांग्रेस का नेतृत्व मानसिक दिवालियापन से गुजर रहा है। कांग्रेस नेताओं ने पाकिस्तान की भाषा में बयान दिए। इतना ही नहीं राहुल गांधी ने अनुच्छेद 370 पर जो बयान दिया था, पाकिस्तान ने उसे संयुक्त राष्ट्र में तकरीर के दौर पेश किया था।
आगरा से बताया अपना रिश्ता
नड्डा ने कहा, ''आगरा से मेरा विशेष रिश्ता है। यूपी प्रभारी बनने के बाद पहली बैठक आगरा में थी और भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर पहली जनसभा भी आगरा में है।'' उन्होंने कहा- सीएए को लेकर दूसरे सहयोगी संगठनों के साथ आरएसएस और भाजपा लोगों के भ्रम को दूर करने में जुटी है। लोगों को जागरूक करके उन तक सही तथ्य पहुंचाए जा रहे हैं। दरअसल, सीएए के समर्थन में भाजपा क्षेत्रीय रैलियां आयोजित कर रही है। इससे पहले वाराणसी, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर और मेरठ में रैलियां हो चुकी हैं। आगरा में सभा के साथ भाजपा की क्षेत्रीय रैलियों का समापन हो गया।