कार लूटकर भागे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़; दिल्ली का वांटेड ढेर, 1.5 लाख का था इनाम

कार लूटकर भागे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़; दिल्ली का वांटेड ढेर, 1.5 लाख का था इनाम


मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में मंगलवार की शाम दिल्ली के मोस्ट वांटेड बदमाश शिव शक्ति नायडू की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली का वह शिकार हो गया। फायरिंग में गोली लगने से सीओ दौराला भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह वही शक्ति नायडू है, जिसने चार साथियों के साथ कुछ दिन पहले दिल्ली के एसीपी के हत्या की सुपारी ली थी। एसीपी की हत्या कौन करेगा? इस बात के विवाद पर बदमाशों में आपस में ही गोलियां चल गई थी, जिसमें चाचा-भतीजे घायल हो गए थे। बाद में उनकी मौत हो गई थी।


शक्ति नायडू डेढ़ लाख का इनामी बदमाश था। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली-देहरादून हाइवे से इस गैंग के लोग कार लूटकर भागे थे। जिनकी लोकेशन कंकरखेड़ा थाना इलाके के वैष्णोधाम के पास ही आर्क सिटी कालोनी में मिल रही थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जिसके बाद कॉलोनी के एक मकान के अंदर से पुलिस पर फायरिंग होनी शुरू हो गई। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जब कमरे से गोलियों की आवाज आनी बंद हो गई तो पुलिस ने जाकर देखा तो दिल्ली का शिव शक्ति नायडू घायल अवस्था में पड़ा मिला। जिसको उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया तो वहां उसकी मौत हो गई।


इस दौरान दौराला सीओ जितेंद्र सरगम बदमाशों की गोली से घायल हो गए। एसएसपी अजय साहनी की बुलेट प्रूफ जैकेट में भी बदमाशों की गोली लग गई। मौके पर कई थानों की फोर्स के अलावा खुद एडीजी ने पहुंचकर पड़ताल की थी। इस गैंग का बदमाश रवि उर्फ भूरा एवं अन्य मौके से भाग गए। एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि, हाल ही में नायडू ने अपने गैंग के सदस्य हनी की कंकरखेड़ा में गोली मारकर हत्या की थी। उसके चाचा तिलकराज को भी गोली मार दी थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश में लगी थी। नायडू पर दिल्ली से 50 हजार व मेरठ से एक लाख का इनाम घोषित था।