मंत्री मोती सिंह के विवादित बोल; अखिलेश सरकार में मनबढ़ हुए बच्चे कर रहे अपराध
बस्ती। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा बार-बार उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर हमले पर ग्राम विकास एवं समग्र ग्राम मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ मोती सिंह ने बुधवार को पलटवार किया। कहा- उत्तर प्रदेश में अखिलेश सरकार के दौरान मनबढ़ हुए बच्चे अपराध कर रहे हैं। बदायूं रेप कांड के बाद अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव का बयान आथा कि, बच्चों से कभी कभी गलती हो जाया करती है। सपा शासन में यूपी में जंगलराज था। लेकिन योगी सरकार में अपराध पर अंकुश लगा है। अखिलेश सरकार में पुलिस पंगु थी। लेकिन अब पुलिस वालों को खुली छूट है।
मंत्री मोती सिंह बुधवार को बस्ती में कर्मा देवी शैक्षणिक संस्थान समूह के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने संसद में सांसद असददुद्दीन ओवैसी द्वारा नागरिकता बिल संशोधन बिल की प्रति फाड़ने पर कहा कि, ओवैसी के बारे में सभी जानते है कि उनका क्या इतिहास है? उनकी पहचान ही इस तरह की बात करके होती है। ये उनका निजी मामला है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा की कांग्रेस दिशाहीन है, उसके पास कोई सवाल नहीं है और न ही कोई नेतृत्व करने वाला है, जो हिंदुस्तान के आम आवाम को विश्वास प्राप्त कराए। हिंदुस्तान के हित का फैसले पर विरोध करना कांग्रेसियों का परम कर्तव्य है, जनता इस बिल के पास होने से खुश और संतुष्ट है।