मेरठ में उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और वाराणसी में केशव मौर्य ने गंगा पूजन किया, कई जगहों पर हुआ भव्य स्वागत

मेरठ में उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और वाराणसी में केशव मौर्य ने गंगा पूजन किया, कई जगहों पर हुआ भव्य स्वागत


वाराणसी। गंगा को अविरल और निर्मल बनाने के लिए शुरू हुई गंगा यात्रा दूसरे दिन मंगलवार को मेरठ से रवाना हो गई। राज्य के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने गंगा पूजन कर यात्रा को रवाना किया। इस मौके पर शर्मा ने कहा कि यह यात्रा केवल गंगा यात्रा नहीं बल्कि लोगों के लिए सौगातों की यात्रा है। गंगा को लेकर कई योजनाएं केंद्र एवं राज्य सरकार की तरफ से चलाई जा रही है जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है। उधर, बलिया से शुरू हुई यात्रा गाजीपुर होते हुए वाराणसी पहुंच गई है। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई नेता मौजूद थे।


गाजीपुर से चली गंगा यात्रा मंगलवार शाम को वाराणसी की सीमा में प्रवेश कर गई। बनारस की सीमा रजवाड़ी में गंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय, उप्र सरकार में मंत्री सूर्य प्रताप शाही और मंत्री अनिल राजभर भी रथ पर मौजूद थे। यह यात्रा वाराणसी पहुंच गई है। कल भी यह यात्रा वाराणसी में ही रहेगी।


इससे पहले सोमवार को बिजनौर में मुख्यमंत्री योगी ने और बलिया में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गंगा यात्रा का शुभारम्भ किया था। मेरठ में गंगा यात्रा के दूसरे दिन उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा मेरठ के हस्तिनापुर के जैन तीर्थ स्थल जंबूद्वीप पहुंचे। यहां उन्होंने गंगा पूजन और आरती कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया। गंगा यात्रा के लिए यह भव्य आयोजन मेरठ के हस्तिनापुर इलाके के मखदुमपुर घाट पर किया गया था।


गंगा से देश के करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है - दिनेश शर्मा


इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा कि गंगा यात्रा केवल यात्रा नहीं है, बल्कि लोगों के लिए सौगातों की यात्रा है। गंगा यात्रा के मद्देनजर लोगों को लाभान्वित करने के लिए कई योजनाएं संचालित की गई हैं। इसमें गंगा नर्सरी, गंगा मैदान, तटों पर खेती को बढ़ावा देना, गंगा को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए उसमें कछुए छोड़े जाना और इसके अलावा तटों पर ही पेंशन वितरण का भी कार्यक्रम किया गया।


उन्होंने कहा कि गंगा में देश के करोड़ों लोगों की आस्था बसी है। इसी आस्था का ध्यान सरकार ने रखा है। गंगा को अविरल और निर्मल बनाने का संकल्प लिया था। इसी संकल्प के साथ यात्रा का आयोजन किया गया और गंगा को साफ और स्वच्छ बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।


गाजीपुर में कलेक्टर घाट पर मंत्री सूर्य प्रताप शाही और अनिल राजभर ने किया गंगा पूजन


बलिया से सोमवार को निकली गंगा यात्रा का गाजीपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान यहां के कलेक्टर घाट पर गंगा पूजन किया गया। गंगा यात्रा कल देर शाम गाजीपुर पहुंची थी। गंगा पूजन के बाद गंगा यात्रा यहां से वाराणसी के लिए रवाना हुई। गाजीपुर के विभ्न क्षेत्रों से गुजरते हुये गंगा यात्रा सैदपुर होते हुए शाम तक वाराणसी पहुंचेगी।


कलेक्टर घाट पर गंगा पूजन के दौरान यूपी सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही और अनिल राजभर मौजूद रहे। इस मौके पर मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि गंगा यात्रा के जरिये निर्मल और अविरल गंगा के साथ साथ गंगा किनारे बसे शहरों, गांवों का आर्थिक विकास करने की सरकार की योजना है। उन्होंने दावा किया कि अर्थ गंगा अभियान का जल्द ही असर दिखेगा।



5 दिनों में उप्र के 56 और केंद्र के आठ मंत्री शामिल होंगे


गंगा यात्रा बलिया से बिजनौर तक 27 जिलों से होकर गुजरेगी। दोनों तरफ से यात्रा का समागम 31 जनवरी को कानपुर में होगा। यात्रा कुल 1238 किलोमीटर की इस यात्रा में प्रदेश सरकार के 56 और केंद्र सरकार के आठ मंत्री शामिल होंगे। यात्रा के दौरान 30 स्थानों पर जन सभाएं भी की जाएंगी। इसमें गंगा के आर्थिक और पर्यावरणीय महत्व लोगों को बताए जाएंगे। गंगा यात्रा का नोडल सिंचाई विभाग है। इसके लिए विभाग ने कंट्रोल रूम भी बनाया है, जो 24 घंटे काम करेगा।