पाकिस्तान को भी सीएए बनाना चाहिए, भारत में पीड़ित मुस्लिमों को अपने यहां नागरिकता दे: भाजपा विधायक विक्रम सैनी
मुजफ्फरनगर। अक्सर विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने शुक्रवार को कहा- पाकिस्तान को भी नागरिकता संसोधन कानून बनाना चाहिए, जिससे हिंदुस्तान के पीड़ित मुस्लिमों को वहां की नागरिकता मिल जाए। अदला-बदली करलो, जो वहां पीड़ित है वो हिंदुस्तान में आ जाए और जो यहां पीड़ित है वो पाकिस्तान में चले जाएं। बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण पर विधायक ने कहा- उन्हें जेएनयू में नहीं जाना चाहिए था। वह देश के खिलाफ मंच है, वहां किसी अभिनेता या अभिनेत्री को नहीं जाना चाहिए। देश के नागरिकों को सोचना चाहिए कि, देश के खिलाफ मंच पर जाने वाले की फिल्म देखनी चाहिए या नहीं।
भाजपा विधायक 2013 में हुए दंगो के मामले में शुक्रवार को कोर्ट में पेशी पर आए थे। इस मौके पर उन्होंने कहा- बस तारीख लग रही है। पहले इलाहबाद कोर्ट जाते थे, अब यहां। सपा सरकार ने उस समय फर्जी मुकदमे लगाए गए थे। जल्दी ही मामले का निस्तारण होने की संभावना है।
विधायक ने कहा- नागरिकता संसोधन कानून देश हित में है। जेएनयू में जो देशद्रोही किस्म के लोग हैं, वे पाकिस्तान के इशारे पर काम करने वाले लोग हैं। वहां पर ऐसे छात्रों को प्रवेश भी नहीं देना चाहिए।
उन्होंने कहा- हिंसा के दौरान कुछ लोगों ने देशद्रोही जैसा काम किया। लोगों ने थाने में आग लगा दी, पुलिस के साथ मार पिटाई और पथराव किया। जो देश की संपत्ति है, उसे क्यों नुकसान पहुंचा रहे हैं? ऐसा करने वाले देश द्रोही से कम नहीं है। पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
विधायक ने कहा- पाकिस्तान में हिंदुओं पर जुर्म होता है। 14 साल की लड़की को उठा लिया जाता है। ऐसे तमाम लोग अपनी मिट्टी अपना घर छोड़कर यहां आए। आज भी मेरे पास एक पाकिस्तान शरणार्थी का फोन आया। कहा- आपसे मिलना चाहता हूं, वो रविवार को मुझ से मिलने आ रहे हैं। पाकिस्तान के लोग उन्हें नागरिकता दिलवाएंगे? में तो कहता हूं की पाकिस्तान को भी ऐसा कानून बनाना चाहिए। जो यहां मुस्लिम पीड़ित हैं, उनको पाकिस्तान में नागरिकता देनी चाहिए।