सपा नेता की गोली मारकर हत्या, साथी घायल; परिजन बोले- भाजपा विधायक की शह पर फायरिंग हुई

सपा नेता की गोली मारकर हत्या, साथी घायल; परिजन बोले- भाजपा विधायक की शह पर फायरिंग हुई


महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में बाइक सवार चार बदमाशों ने सोमवार को सपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अमरावती के पुत्र जितेंद्र यादव (27) की गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में सपा नेता का एक साथी भी गोली लगने से घायल हुआ है। जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक के परिजनों का आरोप है- कुछ दिनों पहले भी जितेंद्र यादव पर जानलेवा हमला हुआ था, लेकिन पुलिस ने कोई प्रोटेक्शन नहीं दिया था। परिजनों ने स्थानीय भाजपा विधायक के संरक्षण में हत्याकांड को अंजाम दिए जाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस हत्या के पीछे गांव की पुरानी रंजिश बता रही है।


एसपी बोले- मामला दर्ज, रंजिशन हमले का मामला
फरेंद्र विकास खंड के वार्ड नंबर 28 हरैया बरगदवां की जिला पंचायत सदस्य अमरावती देवी के पुत्र जितेंद्र यादव अपने मित्र चेहरी निवासी 24 वर्षीय जितेंद्र के साथ महुअवां गांव के करीब पहुंचे थे कि, इसी दौरान बाइक पर सवार हेल्मेट लगाए पहुंचे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एसपी रोहित सजवान ने कहा- मृतक पर पहले से कई मुकदमे दर्ज थे। हत्या के पीछे आपसी रंजिश की बात अभी सामने आई है। इस हत्याकांड में केस दर्ज कर लिया गया है।


पहले भी हुआ था हमला, बची थी जान
परिजनों ने बताया- बीते 7 अक्टूबर को भी जितेंद को बदमाशो ने 3 गोली मारी थी। लेकिन उस घटना में सपा नेता जितेंद इलाज के दौरान बच गया था। उस घटना में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कई बार पुलिस से प्रोटेक्शन देने की गुहार लगाई गई। लेकिन पुलिस ने कोई मदद नहीं की।