सीएए के विरोध के दौरान धार्मिक स्थल पर पथराव के बाद उपद्रव; पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, स्थिति नियंत्रण में

सीएए के विरोध के दौरान धार्मिक स्थल पर पथराव के बाद उपद्रव; पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, स्थिति नियंत्रण में


अलीगढ़। राजधानी दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में बवाल शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भी माहौल एक बार फिर से तनावपूर्ण हो गया है। यहां ऊपरकोट कोतवाली क्षेत्र में सीएए, एनआरसी और एनपीआर के विरोध में प्रदर्शन चल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने उपद्रव किया, जिसके बाद पुलिस लाठीचार्ज किया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस का कहना है कि एएमयू की कुछ लड़कियों की तरफ से माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। उन्हें पहचानने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


अलीगढ़ के ऊपरकोट में एनआरसी, सीएए के विरोध में प्रदर्शन जारी है। वहीं शाहजमाल इलाके में हालात बेकाबू हो गए हैं। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी युवकों ने तुर्कमान गेट के पास एक धार्मिक स्थल पर पत्थरबाजी कर दी, जिसके बाद से हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शनकारियों की संख्या हजारों में है। मंदिर पर पत्थराव के विरोध में बाल्मिकी बस्ती के लोग भी सड़क पर आ गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पत्थराव किया। मौके पर पंहुचे पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया। उसके बाद तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।


फोर्स के साथ मौजूद डीएम, एसपी
बवाल के बाद देहलीगेट और ऊपरकोट थाना क्षेत्र की सभी दुकानों को बंद कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। हालांकि अधिकारियों के काफी समझाने के बाद भी तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। एसएसपी, डीएम, आरएएफ फोर्स के साथ ऊपरकोट कोतवाली पर मौजूद हैं।


अलीगढ़ के डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि सीएए के प्रदर्शन को लेकर प्रदर्शनकारियों बातचीत की गई थी। सबकुछ सामान्य था। शनिवार को भी जामा मस्जिद के इमाम से बात की गई थी। सब कुछ शांतिपूर्ण चल रहा था लेकिन एएमयू की लड़कियों की तरफ से माहौल खराब करने की कोशिश की गई। लोग सड़क पर बाहर निकलने लगे और पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया और पत्थरबाजी शुरू कर दी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। घटना के पीछे एएमयू की लड़कियां ही हैं उनकी पहचान की जा रही है।